रायपुर :- छत्तीसगढ़ के आरंग क्षेत्र में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। अमेठी रोड स्थित बजरंग केमिकल कंपनी के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में एक बुजुर्ग महिला और एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गुल्लू निवासी नन्द कुमार लोधी अपनी मां राजकुमारी लोधी और सरस्वती शिशु मंदिर के प्राचार्य डोमार सिंह लोधी की मां कुंती बाई लोधी को बाइक (CG 04 NA 0271) पर बैठाकर आरंग में एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि घर वापसी का यह सफर इतना भयावह होगा।
ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अमेठी रोड मोड के पास सामने से आ रहे ट्रक क्रमांक CG 08 Z 9541 के चालक ने लापरवाही और अत्यधिक रफ्तार से वाहन चलाते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और उनके सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
राहगीरों की मदद से घायलों को तत्काल शासकीय अस्पताल आरंग पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद कुंती बाई लोधी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, नन्द कुमार और राजकुमारी लोधी की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए तत्काल रायपुर रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान एक युवक ने भी दम तोड़ दिया।आरंग पुलिस ने फरार ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

