मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर:- चिरमिरी के बड़ा बाजार इलाके में बोलेरो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई. इस हादसे में गाड़ी में सवार कई लोग घायल हो गए हैं. दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल चिरमिरी में भर्ती कराया गया.
स्वास्थ्य मंत्री ने दिए निर्देश
इस सड़क हादसे की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मामले को गंभीरता से लिया है. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों को तुरंत सक्रिय होने के निर्देश दिए हैं. मंत्री ने कहा है कि अस्पताल में भर्ती सभी घायलों को बिना किसी देरी के हर जरूरी मेडिकल सुविधा दी जाए. उन्होंने डॉक्टरों को हिदायत दी है कि घायलों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और उन्हें बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सेवा मिलनी चाहिए.

