पेंड्रा:- छत्तीसगढ़ के पेंड्रा थाना क्षेत्र में साप्ताहिक बाजार के दौरान हुई उठाईगिरी की बड़ी घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो साथी अभी भी फरार हैं। पुलिस ने चोरी गए लाखों रुपये के सोना-चांदी के जेवर भी बरामद कर लिए हैं।
यह पूरा मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र के दूरस्थ ग्राम बस्ती बगरा का है, जहां साप्ताहिक बाजार के दौरान सोना-चांदी के व्यापारी के साथ उठाईगिरी की घटना हुई थी। जानकारी के अनुसार, प्रार्थी विनय कुमार सोनी, जो पेंड्रा में हनुमान मंदिर के पास के निवासी हैं, बुधवार को बाजार में अपनी दुकान लगाने पहुंचे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर उनके जेवरों से भरा बैग पार कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पेंड्रा थाने में अपराध क्रमांक 87/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना पेंड्रा और चौकी कोड़गार की संयुक्त टीम गठित की गई, जिसने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध महिला के बारे में जानकारी मिली, जो किराए के मकान में रहकर चूड़ी बेचने का काम करती थी। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम आशिया शिकारी (40 वर्ष), निवासी दमोह (मध्यप्रदेश) बताया।
पूछताछ में महिला ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसने अपने भतीजे राजेंद्र शिकारी और रिश्तेदार अमर शिकारी के साथ मिलकर इस वारदात की योजना बनाई थी। तीनों ने मिलकर मौके का फायदा उठाते हुए व्यापारी का बैग पार किया और मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 35 ग्राम सोना और 6.550 किलोग्राम चांदी बरामद की है, जिसकी कुल कीमत लगभग 12 लाख 64 हजार 50 रुपये आंकी गई है। बरामद सामान को जब्त कर लिया गया है। महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
वहीं, फरार दोनों आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

