कोरबा:- कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर ग्राम पताढ़ी के समीप एक भीषण सड़क हादसा हुआ. कोरबा की ओर से आ रही ट्रेलर की टक्कर ट्रक से हो गई. बताया जा रहा है कि ट्रेलर रॉन्ग साइड से आ रहा था. इसी दौरान उसकी टक्कर चांपा की ओर से आ रही ट्रक से हो गई. ट्रक में प्याज लोड था. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डाला बॉडी का चालक केबिन में बुरी तरह से फंस गया. सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. गाड़ी में फंसे ड्राइवर को निकाला जाता उससे पहले ही उसकी मौत हो गई.
गैस कटर की मदद से काटना पड़ा केबिन
राहत दल ने गैस कटर की मदद से केबिन काटकर चालक को बाहर निकाला. लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. वहीं ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है. कोरबा चांपा मुख्य मार्ग पर जहां यह हादसा हुआ है, वह काफी व्यस्त रोड है.
डेढ़ से 2 घंटे तक रहा मार्ग जाम
हादसे के बाद कुछ समय तक मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है. घटना के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई थी, जिसके कारण लगभग डेढ़ से 2 घंटे तक मार्ग जाम रहा, हालांकि इसके बाद पुलिस ने मार्ग को पूरी तरह से बहाल कराया गया.
