रायगढ़:- शहर में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को कोतवाली थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार दादा-पोती को टक्कर मार दी। हादसे में 14 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दादा गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक, उर्दना कृष्णापुर निवासी पितरूस तिर्की (50) अपनी पोती ममता तिर्की (14) के साथ स्कूटी से भगवानपुर सोसायटी चावल लेने गए थे। दोपहर में लौटते समय CMHO तिराहा के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने लापरवाहीपूर्वक उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि ममता स्कूटी से गिरकर सीधे ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पितरूस तिर्की गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और चक्काजाम जैसे हालात बन गए। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।

