सुकमा:- जिले के गादीरास थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। ग्राम एटपाल के कवासीपारा में मालगेर नदी में डूबने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतक बच्चों की पहचान 4 वर्षीय गीता करटामी और 4 वर्षीय अशोक पोडियम के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे मंगलवार सुबह घर से नदी में नहाने के लिए निकले थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वे वापस नहीं लौटे तो परिजनों और ग्रामीणों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई।खोजबीन के दौरान नदी किनारे बच्चों के कपड़े मिले, जिसके बाद ग्रामीणों ने मालगेर नदी में तलाश शुरू की। कुछ देर बाद दोनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।बताया जा रहा है कि घटना के समय बच्चों के परिजन जंगल में लकड़ी लेने गए हुए थे और दोनों बच्चे घर पर अकेले थे। इसी दौरान वे नदी की ओर चले गए और हादसे का शिकार हो गए।इस दर्दनाक घटना से पूरे कवासीपारा गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बच्चों की असमय मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

