कोरिया :- सुबह स्कूल जाने की तैयारी कर रही दूसरी कक्षा की मासूम छात्रा को क्या पता था कि जिस बस से वह पढ़ने जा रही है, वही उसके लिए आखिरी सफर बन जाएगी। कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र की धनपुर बस्ती में शनिवार सुबह स्कूल बस की चपेट में आने से 7 साल की छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
बस में बैठने निकली थी मासूम
जानकारी के अनुसार धनपुर बस्ती निवासी प्रिंसि सोनहत स्थित भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा दूसरी की छात्रा थी। शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे वह स्कूल जाने के लिए बस में बैठने निकली थी। इसी दौरान वह स्कूल बस की चपेट में आ गई।
हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजन और आसपास के लोग उसे तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनहत ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
स्कूल संस्था की ही बताई जा रही बस
बताया जा रहा है कि जिस बस की चपेट में आने से छात्रा की मौत हुई, वह स्कूल संस्था की ही बस थी। हादसे के बाद स्कूल बस की सुरक्षा व्यवस्था और घटना के दौरान हुई लापरवाही को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

