दुर्ग:- भिलाई के हथखोज स्थित सिस्कोल फैक्ट्री में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. फैक्ट्री के यूनिट-3 में जॉब हैंडलिंग के दौरान भारी चीज मजदूर के ऊपर गिर गई. हादसे में 40 वर्षीय मजदूर राजेश निर्मलकर की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया. राजेश की मौत से उनके तीन छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है.
श्रमिकों का फैक्ट्री में प्रदर्शन
फैक्ट्री में हुए हादसे के बाद मृतक के परिजनों और साथी मजदूरों में आक्रोश फैल गया. बड़ी संख्या में मजदूर और परिवार के लोग फैक्ट्री पहुंचे और जमकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया. पूर्व पार्षद ने कहा कि फैक्ट्री में आए दिन हादसे होते हैं और यह इसी जगह पर हुई दूसरी बड़ी घटना है. इससे पहले भी भारी सामान गिरने से एक मजदूर की मौत हो चुकी है.
भिलाई 3 पुलिस कर रही मामले की जांच
वहीं सीएसपी प्रशांत सिंह ने बताया कि भिलाई-3 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. उन्होंने कहा कि हादसे में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

