बिलासपुर :- न्यायधानी के मोपका क्षेत्र अंतर्गत बंजारीपारा में देर शाम बदमाशों के हौसले उस वक्त बुलंद नजर आए, जब तीन नकाबपोश आरोपियों ने एक युवक के घर में घुसकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, करीब 5:30 बजे जब 30 वर्षीय विनय कुमार साहू अपने घर पर था, तभी अज्ञात बदमाशों ने उसका दरवाजा खटखटाया। जैसे ही विनय ने दरवाजा खोला, बाहर घात लगाए खड़े एक नकाबपोश ने बिना कुछ कहे उस पर धारदार चाकू से वार कर दिया।
इस अचानक हुए हमले से सहमे विनय ने तत्काल शोर मचाना शुरू किया, जिससे घबराकर तीनों हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में विनय ने खुद फोन कर अपने परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद उसे तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहाँ फिलहाल उसका उपचार जारी है। सिम्स चौकी ने इस पूरी घटना की जानकारी सरकंडा पुलिस को दे दी हैँ जिसके बाद अब पुलिस इस पुरे वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की तलाश मे जुट गई है।

