छत्तीसगढ़:- जनगणना की तैयारियों के बीच बस्तर जिले से बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम में शराब पीकर पहुंचे एक हेडमास्टर पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है।
मामला बकावंड ब्लॉक का है, जहां आयोजित प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्राथमिक शाला आंवराभाटा में पदस्थ हेडमास्टर टीकम कश्यप कथित रूप से नशे की हालत में पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान मौजूद अधिकारियों और मास्टर ट्रेनर्स के साथ दुर्व्यवहार भी किया, जिससे कार्यक्रम का माहौल बिगड़ गया।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल ने तत्काल प्रभाव से हेडमास्टर को निलंबित कर दिया। साथ ही उन्हें दरभा खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अटैच किया गया है।

