रायपुर:- सरोना स्थित कंपोजिट विदेशी शराब दुकान में चोरों ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया कि पुलिस भी हैरान रह गई. बदमाश शराब की बोतलों को हाथ लगाने के बजाय सीधे कैश पर टूट पड़े. करीब 7 लाख रुपये से भरा लॉकर उखाड़कर ले गए और जाते-जाते सीसीटीवी का डीवीआर भी साथ ले उड़े, ताकि पीछे कोई सबूत न बचे.
शराब दुकान में कैश की चोरी
आमा नाका थाना क्षेत्र में स्थित विदेशी शराब दुकान में घुसे चोरों का निशाना सिर्फ नकदी थी. दुकान में मौजूद शराब को छोड़कर उन्होंने सीधे कैश रखने वाले लॉकर को उखाड़ा और उसे लेकर फरार हो गए. बताया जा रहा है कि लॉकर में करीब 7 लाख रुपये रखे थे.
सबूत मिटाने की भी पूरी तैयारी
चोरी के बाद बदमाश सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी निकालकर अपने साथ ले गए. इससे साफ है कि चोर पूरी योजना बनाकर आए थे और पुलिस को कोई सुराग नहीं छोड़ना चाहते थे.
अफसरों से लेकर डॉग स्क्वायड तक मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल डीसीपी वेस्ट, एसीपी पुरानी बस्ती, आमा नाका थाना पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची. आबकारी विभाग के अधिकारी भी मामले की जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं.
