दुर्ग:- जिले के उतई थाना क्षेत्र में नकली सोने को असली बताकर बेचने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से नकली सोना, कुछ असली सोना, एक कार और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है.
ऐसे हुई ठगी
शिकायतकर्ता जितेंद्र साहू ने पुलिस को बताया कि 2 जून को उसके परिचित दिनेश टंडन ने उसे गाड़ाडीह होटल के पास बुलाया. वहां दिनेश और उसके साथियों ने दावा किया कि उनके पास बड़ी मात्रा में सोना है, जिसे वे कम कीमत पर बेच रहे हैं. उनकी बातों में आकर जितेंद्र ने सोने जैसी दिखने वाली धातु की एक सिल्ली 10 हजार रुपये में खरीद ली. बाद में जांच कराने पर पता चला कि वह नकली थी. इसके बाद उसने उतई थाने में शिकायत दर्ज कराई.
‘जमीन में गड़ा खजाना मिला’
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को बताते थे कि उन्हें जमीन में गड़ा हुआ एक हांडा मिला है, जिसमें सोने के बिस्किट और सिक्के थे. इसी कहानी के जरिए वे लोगों का भरोसा जीतते थे और सोने जैसी दिखने वाली धातु को असली सोना बताकर कम दाम में बेच देते थे. पैसे लेने के बाद आरोपी फरार हो जाते थे.
पूछताछ में खुला पूरा राज
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी दिनेश टंडन को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को ठगने की बात स्वीकार कर ली. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया.

