जांजगीर :- छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में शराब पीकर बारात लाने वाले दूल्हे को सबक सिखाने के चर्चित मामले में अब एक नया और चौंकाने वाला ट्विस्ट सामने आया है। जिस युवती ने कुछ दिन पहले दूल्हे की इस हरकत पर बारात को बैरंग वापस लौटा दिया था, उसने अब उसी युवक के घर जाकर उससे शादी कर ली है। यह खबर पूरे इलाके में खूब चर्चा का विषय बनी हुई है।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार पूरा मामला यह है कि बीते 23 जून को युवक संतकुमार राय जब शराब के नशे में बारात लेकर पहुँचा था, तब दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार करते हुए बारात लौटा दी थी। लड़की के इस साहसी कदम की हर तरफ तारीफ हुई थी और यहाँ तक कि 25 जून को एसपी (SP) ने युवती को सम्मानित भी किया था।
युवती ने उसी युवक से की शादी
इसके बाद 30 जून को परिवार परामर्श केंद्र में युवती ने इस मामले में चार्ज भी लिया था। लेकिन अब कहानी पूरी तरह बदल गई है; युवती खुद युवक के गांव खोखरा पहुँची और वहाँ जाकर उसने संतकुमार राय से ही विवाह कर लिया।पहले समाज के सामने बहादुरी की मिसाल पेश करने वाली इस युवती के अचानक बदले फैसले ने सबको हैरान कर दिया है।

