रायपुर :- राजधानी रायपुर में एक बार फिर चोरी की बड़ी वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खम्हारडीह थाना क्षेत्र के पॉश इलाके गोल्डन होम्स में अज्ञात चोरों ने एक कारोबारी के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, यह वारदात कारोबारी भरत छापड़िया के घर में हुई। खास बात यह है कि घटना स्थल विधायक Purandar Mishra के निवास से कुछ ही दूरी पर स्थित है, जिससे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
घर में मौजूद था परिवार, फिर भी चोर हुए फरार
बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर में ही मौजूद थे। इसके बावजूद बदमाश बाथरूम की खिड़की तोड़कर घर के भीतर दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोर करीब 10 लाख रुपये नकद और 7 से 8 तोला सोने-चांदी के जेवरात लेकर भाग निकले हैं। चोरी की सही राशि और सामान का आंकलन पुलिस द्वारा किया जा रहा है।
मौके पर पहुंची क्राइम ब्रांच और डॉग स्क्वायड
घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह पुलिस, क्राइम ब्रांच और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
जांच टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही चोरों तक पहुंचा जा सकेगा।

