कांकेर :- कांकेर में गुरु शिष्य परंपरा को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है.यहां गणित के शिक्षक ने नाबालिग छात्रा को परीक्षा में फेल करने का डर दिखाया.इसके बाद उससे अश्लील वीडियो और तस्वीरों की मांग की. इसके लिए शिक्षक लगातार छात्रा पर दबाव बना रहा था.लेकिन छात्रा ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दे दी.परिजनों ने बिना देरी किए थाने में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी की गई.
छात्रा का मोबाइल नंबर लेकर किया परेशान
पखांजूर एसडीओपी कुलदीप बंजारे के मुताबिक 16 अगस्त को आरोपी शिक्षक ने स्कूल में अतिरिक्त गणित की कक्षा ली थी. इसी दौरान उसने छात्रा का मोबाइल नंबर लिया. इसके बाद आरोपी ने छात्रा को अश्लील संदेश और फोटो भेजने के लिए दबाव बनाया. छात्रा को परीक्षा में फेल करने का डर दिखाकर मानसिक रूप से परेशान भी किया गया.
पॉक्सो एक्ट की तहत अपराध पंजीबद्ध
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 75, पॉक्सो एक्ट की धारा 12 और आईटी एक्ट की धारा 67(ए) के तहत अपराध दर्ज किया है. आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आदेश के बाद उसे जिला जेल कांकेर भेज दिया गया.

