बालोद:- सोशल मीडिया कैसे समाज पर बुरा असर डाल रहा है। इसका एक उदाहरण बालोद की यह घटना है, जिसमें इंस्टाग्राम के जरिए एक युवक और युवती में हुई दोस्ती का अंजाम इतना बुरा हुआ कि प्रेमी की जान गई और प्रेमिका बुरीतरह घायल हो गई। विडंबना यह है कि दोनों शादीशुदा थे।
कांकेर के एक गांव की 24 साल की युवती की शादी परसोदा जगन्नाथपुर के एक युवक के साथ 22 अप्रैल 2026 को हुई थी। शादी से पहले उसकी भीमपुरी डौंडीलोहारा के मिथलेश ठाकुर (29 वर्ष) से इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई थी। युवती की शादी करीब डेढ़ महीने बाद ही शुक्रवार की रात करीब 1 बजे वह बॉयफ्रेंड मिथलेश ठाकुर के साथ बाइक पर सवार होकर घर से भाग गई। दोनों करीब 20 किलोमीटर दूर ग्राम दैहान स्थित रेलवे अंडरब्रिज के पास पहुंचे।
नींद खुली तो घर पर नहीं थी पत्नी
इधर, नवविवाहिता के पति ने बताया कि, शनिवार तड़के उनकी नींद खुली तो पत्नी घर पर नहीं मिली। पहले उन्हें लगा कि वह आस पास कहीं गई होगी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उन्होंने परिजनों के साथ उसकी तलाश शुरू की। गांव और आसपास के रास्तों में खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। देर रात करीब 3 बजे पत्नी ने फोन उठाया और रेलवे ट्रैक पर हादसा होने की जानकारी दी।
ढाई साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए दोनों की हुई थी दोस्ती
शुरुआती सूचना के आधार पर वह परिजनों के साथ लाटाबोड़ स्टेशन और आस पास के क्षेत्र में पत्नी को तलाशते रहे। जांच में सामने आया कि ढाई साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पत्नी की युवक से दोस्ती हुई थी। घटना वाली रात बॉयफ्रेंड शराब के नशे में गर्लफ्रेंड के ससुराल पहुंचा था और मिलने के बहाने उसे घर से ले गया था। वहीं घटना के बाद युवती ने पति और पुलिस को जानकारी दी। जांच में यह भी सामने आया कि बॉयफ्रेंड भी शादीशुदा था।

