जशपुर:- छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच अब तेज आंधी-तूफान भी लोगों पर भारी पड़ने लगा है। पिछले दो दिनों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से नाले में बहने, वज्रपात और बारिश से जुड़ी घटनाओं में लोगों की मौत की खबरें सामने आई हैं। इसी बीच जशपुर जिले के कांसाबेल क्षेत्र में आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई, जहां कच्चा मकान ढहने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।जानकारी के अनुसार, घटना कांसाबेल थाना क्षेत्र के घोघर गांव की है। तेज आंधी और बारिश के दौरान एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान के मलबे में एक ही परिवार के तीन सदस्य दब गए।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। वहीं उसकी मां और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों घायलों को तत्काल कांसाबेल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।आंधी-तूफान के कारण क्षेत्र में कई पेड़ भी उखड़कर गिर गए, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा घटना की जांच शुरू कर दी है।

