छत्तीसगढ़ :- ग्राम दुरपा में सौतेली मां की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। आरोपित की पहचान अनिल कुमार सिदार पिता कार्तिक राम सिदार (38) दुरपा, थाना बाराद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 10 अगस्त की शाम करीब 6.45 बजे दुरपा निवासी कौशिल्या सिदार (55) के साथ मारपीट की घटना हुई थी। गंभीर चोट लगने के बाद उनकी मृत्यु हो गई। सूचना पर बाराद्वार पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मर्ग पंचनामा कार्रवाई के साथ मृतिका के वारिसों और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अनिल कुमार सिदार ने कौशिल्या सिदार के साथ लकड़ी की बेड़ी से मारपीट की थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतिका के सिर में गंभीर चोट, शरीर की हड्डियों में फ्रैक्चर तथा आंतरिक रक्तस्राव के कारण शाक लगने और इसके बाद श्वास एवं हृदयगति रुकने से मृत्यु होना बताया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या की धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर आरोपित अनिल कुमार सिदार की तलाश शुरू की।

