रायपुर:- री-NEET 2026 परीक्षा के बीच वाराणसी से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर चेकिंग के दौरान एक अभ्यर्थी के अंडरवियर से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, पुराने NEET पेपर, फेविकोल, एमसील और डबल साइडेड टेप बरामद किए गए। कड़ी सुरक्षा के बीच हुई इस बरामदगी ने परीक्षा केंद्र पर हड़कंप मचा दिया।
आरोपी की पहचान बलिया निवासी प्रिंस कुमार दुबे के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के जबलपुर में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था। री-NEET देने वाराणसी पहुंचे प्रिंस की फ्रिस्किंग और बायोमेट्रिक जांच के दौरान सुरक्षा कर्मियों को उसका व्यवहार संदिग्ध लगा।
तलाशी लेने पर प्रतिबंधित सामान मिलने के बाद उसे तुरंत हिरासत में लेकर थाने भेज दिया गया। पूछताछ में वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। पुलिस ने सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम 2024 की धारा 3(x) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।अब जांच इस बात की भी हो रही है कि आरोपी किसी सॉल्वर गैंग या संगठित नकल गिरोह से जुड़ा है या नहीं। बरामद सभी सामान जब्त कर लिए गए हैं और पुलिस पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हुई है।

