जांजगीर चांपा:- PV एप के विरोध में राजस्व पटवारी संघ के अनिश्चितकालीन हड़ताल के 18 दिन बाद जिला प्रशासन सख्त हो गई है. जिला प्रशासन ने हड़ताल करने वाले पटवारियों पर बड़ी कार्रवाई की है.
141 पटवारियों को ब्रेक इन सर्विस का नोटिस
जिला प्रशासन ने 141 पटवारियों को ब्रेक इन सर्विस का नोटिस जारी किया है, साथ ही राजस्व पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव और ज्योतिष कुमार सर्वे को निलंबित कर दिया है. जिला प्रशासन के इस आदेश के बाद राजस्व पटवारी संघ मे आक्रोश व्याप्त है और राज्य स्थापना दिवस के दिन सर्विस ब्रेक के नोटिस की प्रति जलाने का एलान कर दिया है.
जिले में कुल 156 पटवारी पदस्थ है, जो 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल में शामिल है. शासकीय काम में लगातार अनुपस्थित होने के कारण उन्हें वापस काम पर लौटने के लिए कहा गया, जिसमें से 15 पटवारी काम पर वापस लौट गए. वापस लौटे पटवारियों में 13 परिवीक्षाधीन पटवारी और 2 ऐसे पटवारी शामिल हैं, जो हड़ताल में शामिल नहीं हुए थे.
दो पटवारी निलंबित
जांजगीर चांपा जिला के दो पटवारियों को शिवरीनारायण और जांजगीर एसडीएम ने निलंबित कर दिया है. दोनों पटवारियों के निलंबन का कारण कर्तव्य में लापरवाही और अनधिकृत अनुपस्थिति को प्रमुख कारण बताया गया, साथ ही एक पटवारी पर पूर्व में अपराध पंजीबद्ध होने के कारण निलंबन की कार्रवाई करना बताया गया है.
धान खरीदी का काम प्रभावित होने पर कार्रवाई
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शिवरीनारायण ने धर्मेंद्र यादव, पटवारी हल्का नंबर 13, तहसील शिवरीनारायण के विरुद्ध कर्तव्य में लापरवाही एवं अनधिकृत अनुपस्थिति के कारण कार्रवाई की गई है. उनकी अनुपस्थिति से नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, फौती, अभिलेख दुरुस्ती, धान फसल का डिजिटल क्रॉप सर्वे, फसल गिरदावरी, धान खरीदी एवं अन्य महत्वपूर्ण शासकीय कार्य प्रभावित हो रहे थे. पूर्व में कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए जाने के बावजूद अपेक्षित गंभीरता नहीं दर्शाने पर उन्हें निलंबित करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए है.

