रायपुर:- राजधानी रायपुर में फाइव स्टार होटलों को निशाना बनाने वाले एक शातिर ठग का मामला सामने आया है। आरोपी ने होटल हयात में तीन दिन तक ठहरकर महंगे भोजन और अन्य सुविधाओं का लाभ उठाया। इसके बाद ऑफिस के काम का बहाना बनाकर होटल का लैपटॉप लेकर फरार हो गया। घटना के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
3 दिन ठहरा, पार्टी की और महंगे भोजन का उठाया लुत्फ
जानकारी के अनुसार आरोपी होटल में मेहमान बनकर ठहरा था। तीन दिन तक उसने होटल की सुविधाओं का उपयोग किया और पार्टी भी की। बाद में उसने ऑफिस के जरूरी काम का हवाला देकर होटल का लैपटॉप लिया और वापस नहीं लौटा। जब होटल प्रबंधन ने संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल बंद मिला।
तमिलनाडु का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान तमिलनाडु निवासी 61 वर्षीय भीमसेन जॉन के रूप में हुई है। घटना के बाद उसके खिलाफ तेलीबांधा थाना में मामला दर्ज किया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।
देशभर के कई शहरों में ठगी के आरोप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पर देश के कई फाइव स्टार होटलों में इसी तरह की ठगी करने के आरोप हैं। बताया जा रहा है कि वह मुंबई, दिल्ली, पुणे और हैदराबाद समेत कई शहरों के होटलों को भी अपना निशाना बना चुका है।

