दुर्ग:- स्टील सिटी दुर्ग भिलाई में रफ्तार का कहर देखने को मिला है. रविवार को दुर्ग राजनांदगांव नेशनल हाईवे 53 पर दर्दनाक हादसा हुआ है. एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी. जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई.
मां को छोड़ कर घर लौट रहा था युवक
इस हादसे के बारे में दुर्ग के सीएसपी हर्षित मेहर ने मीडिया को जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि आरके चक्रधारी नाम का युवक धमतरी के किकिरमेटा का रहने वाला था. वह अपनी मां को डीपीएस स्कूल के पास छोड़कर घर लौट रहा था. इस दौरान आरोग्य हॉस्पिटल के पास उसकी बाइक को एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सड़क पर गिर गई और दुर्घटना के दौरान पेट्रोल टंकी फटने से उसमें आग लग गई. कुछ ही मिनटों में पूरी मोटरसाइकिल आग की लपटों में घिर गई. हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई.

