रायगढ़:- किरोड़ीमल नगर रेलवे स्टेशन में ड्यूटी पर तैनात रेल कर्मचारी पर शराब के लिए रुपए नहीं देने पर एक युवक ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना बीती रात करीब एक बजे की है।जानकारी के अनुसार, रेलकर्मी विजय पाठक पर आरोपी पंकज सिंह ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना मिलते ही रायगढ़ जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पीड़ित से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई।इसके बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर अपराध दर्ज होने के छह घंटे के भीतर आरोपी पंकज सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हमला करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत भी कार्रवाई की गई है।

