रायगढ़:- जिले के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र स्थित अतरमुड़ा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित देह व्यापार के एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। रायगढ़ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने एक मकान पर छापेमारी कर मौके से 4 महिलाओं और 2 पुरुषों सहित कुल 6 लोगों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में मकान में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि अतरमुड़ा इलाके के एक मकान में बाहरी लोगों का आना-जाना बढ़ गया है और वहां अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना की पुष्टि के बाद विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। छापे के दौरान पुलिस ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, मोबाइल फोन और अन्य संदिग्ध सामग्री भी जब्त की है, जिनकी जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित देह व्यापार के पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं था। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है और उनके मोबाइल फोन तथा संपर्कों की भी जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग भी सामने आ सकते हैं।
गौरतलब है कि रायगढ़ जिले में इससे पहले भी चक्रधरनगर थाना क्षेत्र और आसपास के इलाकों में किराए के मकानों एवं होटलों में चल रहे देह व्यापार के मामलों का खुलासा हो चुका है, जिसके बाद पुलिस लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही है।

