जगदलपुर:- बस्तर से लगे पड़ोसी राज्य ओडिशा के कोरापुट जिले से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 14 दिनों से लापता 22 वर्षीय युवती का शव ओडिशा पुलिस ने आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले से बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, युवती की हत्या उसके प्रेमी ने की थी और वारदात के बाद अपने दोस्त की मदद से शव को ठिकाने लगाने के लिए सागौन के बागान में दफना दिया था।मृतका की पहचान अलु मीना उर्फ अल्बिना गराड़ा, निवासी तुंखल गांव, कोरापुट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसका आंध्र प्रदेश निवासी मोहन किल्लो के साथ प्रेम संबंध था। युवती करीब तीन महीने की गर्भवती थी।
शादी को लेकर हुआ था विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवती और आरोपी के बीच शादी को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर प्रेमिका की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मोहन किल्लो ने अपने दोस्त कुलदीप की मदद से शव को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के मारुपल्ली गांव के पास स्थित सागौन के बागान में दफना दिया। वारदात के बाद युवती के परिजन उसे तलाशते रहे। काफी समय तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजन दसमंतपुर थाने पहुंचे और युवती की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
गुमशुदगी की जांच पहुंची हत्या तक
गुमशुदगी की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को युवती के प्रेम संबंध और आरोपी से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले। पूछताछ और जांच आगे बढ़ने पर मामला हत्या तक पहुंच गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस को शव को दफनाए जाने की जगह की जानकारी मिली। इसके बाद ओडिशा पुलिस ने आंध्र प्रदेश पुलिस की मदद से विजयनगरम जिले के मारुपल्ली गांव के पास सागौन के बागान में खुदाई कर शव बरामद किया।
पहले से शादीशुदा बताया जा रहा आरोपी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी प्रेमी मोहन किल्लो पहले से शादीशुदा बताया जा रहा है। युवती के गर्भवती होने और शादी को लेकर विवाद की बात भी सामने आई है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारण और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर पुलिस की विस्तृत जांच और पूछताछ के बाद ही स्पष्ट होगी।फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

