रायगढ़ : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा है। खड़गे ने कहा कि मोदी जब-जब छत्तीसगढ़ आते हैं कांग्रेस सरकार को बदनाम करके जाते हैं। दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्रियों को धमकी मिलती है कि हमारी बात नहीं सुनोगे तो ईडी और आईटी के छापे पड़ेंगे। उन्होंने ये बात रायगढ़ में आयोजित भरोसे के सम्मेलन में कही। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी को झूठों का सरदार बताया।
उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी लोगों को बेरोजगार रखने की होती है। हमेशा कांग्रेस सरकार गिराने की सोचते हैं। देश में सरकार दो लोग ही चलाते हैं, एक मोदी और दूसरे शाह। इनके अलावा किसी और को कुछ पता नहीं रहता कि क्या होने वाला है। मणिपुर में पिछले 6 महीने से दंगे-फसाद हो रहे हैं। राहुल जी और हमारे कई नेता वहां होकर आ गए, लेकिन मोदी जी यहां सूट-बूट में घूम रहे। उनके चुप बैठने के कारण वहां ऐसा हो रहा है। उन्हें छत्तीसगढ़, तेलंगाना, राजस्थान में कम से कम एक मीटिंग कम करके मणिपुर जाना चाहिए।
मोदी अच्छे इंस्टीट्यूशन को खराब कर देते हैं
देश की सार्वजनिक संपत्तियों को मोदी बेचने का काम कर रहे हैं। एलआईसी, बीएसएनल सबका उन्होंने निजीकरण कर दिया। वे एक अच्छे इंस्टीट्यूशन को खराब कर देते हैं।
दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्रियों को धमकी
मोदी जी ने रायपुर में कांग्रेस के अधिवेशन के वक्त हमारे नेताओं पर ईडी और आईटी के छापे पड़वाए। दूसरे राज्य के मुख्यमंत्रियों को धमकी देते हैं। मेरी बात नहीं सुनोगे तो ईडी और आईटी के छापे पड़वाने की बात कहते हैं।
छत्तीसगढ़ में झूठ बोलकर जाते हैं मोदी
मोदी जी तेलंगाना, राजस्थान, छत्तीसगढ़ मेघालय जाते हैं और झूठ बोलकर आते हैं। झूठों के सरदार हैं वो। 2 करोड़ नौकरी किसी को नहीं मिली। 15 लाख भी किसी को नहीं मिला। किसानों की आमदनी दोगुनी भी नहीं हुई। सीएम भूपेश बोले- रायपुर, रायगढ़ और जगदलपुर में मोदी जी झूठ बोलकर चले गए। केंद्र सरकार धान खरीदती है तो इससे बड़ा झूठ क्या हो सकता है। अगर वो धान खरीदते हैं तो जब डबल इंजन की सरकार थी तो बोनस बंद क्यों किया गया। रमन कार्यकाल में 10 क्विंटल खरीदी प्रति एकड़ धान खरीदी की गई थी।
डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव बोले- पूरे देश में किसानों के हित के लिए जैसी नीतियां छत्तीसगढ़ सरकार ने अपनाई है वैसी अब तक किसी राज्य ने नहीं अपनाई, ना ही हिम्मत कर पाया।
उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल बोले- छत्तीसगढ़ में ?कांग्रेस सरकार ने भूमिहीनों के लिए योजना बनाई, 7000 रुपए का सहयोग किया।
स्पीकर चरणदास महंत ने कहा- कांग्रेस अध्यक्ष की सभा में प्रधानमंत्री की सभा से ज्यादा भीड़ जुटी।
कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज बोले- ईडी और आईटी के जरिए कांग्रेस सरकार को डराने का काम कर रही केंद्र सरकार।

