रायपुर :- बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर ऐश्वर्या पंडित के खिलाफ रायपुर में दर्ज चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को रायपुर पुलिस ने गायिका के निवास पर छापेमारी कर कथित चोरी का सामान बरामद किया। पुलिस के मुताबिक ऐश्वर्या पंडित फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
मामला ऐश्वर्या पंडित और उनके पति तपन देव के बीच लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच काफी समय से अनबन चल रही थी। इसी बीच पति तपन देव ने आरोप लगाया कि ऐश्वर्या उनके घर का कीमती सामान लेकर चली गईं। उन्होंने सेजबहार थाने में इसकी शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
इसके बाद तपन देव ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट में परिवाद दायर करने के बाद न्यायालय ने पुलिस को मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। कोर्ट के आदेश के बाद सेजबहार पुलिस ने गायिका ऐश्वर्या पंडित के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, केस दर्ज होने के बाद कई बार ऐश्वर्या पंडित के घर पर दबिश दी गई, लेकिन हर बार वह घर पर मौजूद नहीं मिलीं। बुधवार को पुलिस टीम ने एक बार फिर उनके निवास पर छापा मारा। इस दौरान घर से कथित तौर पर चोरी किया गया सामान बरामद किया गया।
पुलिस का कहना है कि बरामद सामान में सोने-चांदी के जेवरों के अलावा घरेलू उपयोग के कई कीमती सामान शामिल हैं। आरोप है कि ऐश्वर्या पंडित ने अपने परिजनों के साथ मिलकर किराए के मकान का ताला तोड़ा और करीब 11 लाख रुपए कीमत के सामान की चोरी की। इसमें कूलर, रेफ्रिजरेटर, जेवर और अन्य घरेलू सामान शामिल बताए जा रहे हैं।
मामले को लेकर पुलिस ने कहा है कि बरामद सामान की सूची तैयार की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं फरार ऐश्वर्या पंडित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पति तपन देव ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि 19 जनवरी 2023 को उनके घर बच्चे का जन्म हुआ था। बच्चे के जन्म के बाद पारिवारिक परिस्थितियां और बिगड़ गईं। तपन का आरोप है कि ऐश्वर्या बच्चे की ठीक तरह से देखभाल नहीं कर पा रही थीं, जिससे घर में लगातार विवाद होता रहा।

