कोरबा:- कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज के कोरबी सर्किल में पिछले एक सप्ताह से भटक रहा लोनर हाथी मंगलवार रात अचानक बिलासपुर-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर चोटिया पहुंच गया। सड़क पर हाथी नजर आते ही वाहन चालकों ने गाड़ियां रोक दीं। देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। ट्रक, बस और छोटे वाहन करीब आधे घंटे तक खड़े रहे। हाथी सड़क पर घूमता रहा और उसके जंगल की ओर लौटने के बाद ही यातायात सामान्य हो सका।
हाथी के हाईवे पर पहुंचने से सड़क पर बड़ा हादसा होने का खतरा बना रहा। अचानक सामने हाथी आने से तेज रफ्तार वाहनों के चालकों के लिए स्थिति बेहद जोखिमभरी हो सकती थी। वहीं, हाथी के घबराकर वाहन या लोगों की ओर बढ़ने की स्थिति में जानमाल के नुकसान की आशंका भी बनी रही।

