रायपुर :-नेपाल में रह रही पत्नी को तलाश करने एक युवक ने अनोखा तरीका अपनाया। उसने नेपाल में आई त्रासदी की आड़ लेकर थाने में अपनी पत्नी की मिसिंग की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के माध्यम से नेपाल संपर्क कर युवती की खोजबीन की। पतासाजी करने पर युवती नेपाल के जनकपुर में किसी दूसरे युवक के साथ सुरक्षित मिली। वीडियोकॉल के माध्यम से पुलिस ने युवती से युवक की बात कराई। अपनी 24 वर्षीय पत्नी के मिसिंग होने की डीडीनगर निवासी डिगेश्वर यादव ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
नेपाल में सुरक्षित है युवती
पुरानी बस्ती एसीपी देवांश राठौर ने बताया कि, युवती का पता चल गया है। वह नेपाल में सुरक्षित है। उनसे वीडियो कॉल के माध्यम से बात भी की गई है। युवती के लापता होने की टोल-फ्री नंबर पर सूचना दी गई थी। युवती के गुमशुदा का मामला डीडीनगर थाने में पहले से पंजीबद्ध था।
टोल-फ्री पर शिकायत, दूसरे दिन बात
नेपाल में बुधवार को भयंकर तबाही हुई। इससे लापता लोगों की तलाश के लिए केंद्र के साथ ही छत्तीसगढ़ सरकार ने भी टोल-फ्री नंबर जारी किया था। युवक ने टोल-फ्री नंबर 1070 और कंट्रोल रूम नंबर 0771-2223471 में कॉल करके युवती को नेपाल के बाढ़ में लापता होना बताया। इसके बाद शासन स्तर पर नेपाल सरकार से संपर्क किया गया। वहां युवती की तलाश शुरू हुई। युवती नेपाल के जनकपुर में सही सलामत मिली। गुरुवार रात को डीडीनगर पुलिस ने युवती से वीडियो कॉल पर बात की।
25 जुलाई को अपनी पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज
युवती के साथ डिगेश्वर ने पिछले वर्ष दिसंबर में शादी की थी। उसके साथ सात महीने रहने के बाद युवती अपने पति को बगैर कुछ बताए जुलाई में नेपाल चली गई। पतासाजी करने पर डिगेश्वर को अपनी पत्नी के नेपाल में होने की जानकारी मिली। इसके बाद से उसका अपनी पत्नी के साथ किसी प्रकार से संपर्क नहीं हो पाया। युवक ने थाने में 25 जुलाई को अपनी पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई।
इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद की थी शादी
पुलिस के मुताबिक, डिगेश्वर की इंस्टाग्राम के माध्यम से युवती के साथ दोस्ती हुई। सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के संपर्क में रहने के बाद दोनों ने शादी करने का निर्णय लिया। इसके बाद दोनों ने दिसंबर में शादी कर ली। किसी बात को लेकर दोनों के बीच दरार पैदा हुई। इसके बाद जुलाई में युवती अपने पति को बताए बगैर नेपाल चली गई।

