रायपुर:- राज्य के रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग शहर में अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम का संचालन शुरू हो गया है। आगामी दो वर्षों में इसका सभी जिलों में विस्तार किया जाएगा। तीन शहरों में शुरू ग्रेन एटीएम के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाला राशन आसानी और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्रदेश के तीन जिलों में हो चुका है संचालन
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम देश के चार राज्यों उत्तराखंड, ओडिशा, गुजरात और मेघालय में संचालित है। वर्तमान में प्रदेश के रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में आठ अगस्त से इसका संचालन शुरू किया गया है। अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम मशीन में हितग्राही अपनी सुविधा के अनुसार सप्ताह के सातों दिन किसी भी समय अपना राशन कार्ड नंबर या बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम खाद्यान्न प्राप्त कर सकते हैं।
स्मार्ट-पीडीएस योजना और नेटवर्क विस्तार
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की ओर से सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को तकनीक से जोड़ने और खाद्यान्न की उपलब्धता बेहतर करने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। स्मार्ट-पीडीएस योजना को 2026 तक लागू करने के साथ नेटवर्कविहीन क्षेत्रों की 704 उचित मूल्य दुकानों को ऑनलाइन करने और खाद्यान्न भंडारण क्षमता बढ़ाने की योजना है।
दूरस्थ, ग्रामीण और नेटवर्कविहीन ग्राम पंचायतों में संचालित 704 उचित मूल्य दुकानों में कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण ऑफलाइन खाद्यान्न वितरण किया जा रहा है। राज्य में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत वर्तमान में 14,182 शासकीय उचित मूल्य दुकानें संचालित हैं।
वर्तमान में तीन जिलों से अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम का संचालन शुरू किया गया है। चरणबद्ध तरीके से अन्य सभी जिलों में विस्तार किया जाएगा। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को तकनीक से जोड़ने और खाद्यान्न की उपलब्धता बेहतर करने के लिए कार्य किए जा रहे हैं।- दयाल दास बघेल, मंत्री, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग

