रायपुर : रावतपुरा सरकार यूनिवर्सिटी के युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होने शनिवार को रायपुर पहुंचे केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने नवारायपुर में चल रहे कांग्रेस अधिवेशन पर चुटकी ली।
मंत्री अनुराग ठाकुर ने स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इस सम्मेलन के माध्यम से केवल लोकतंत्र का दिखावा कर रही है, जबकि सच्चाई है कि यह केवल एक परिवार की पार्टी है। इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेने चंद लोग आते हैं, वहीं गांधी परिवार के एक सदस्य के लिए सड़क पर फूल बिछा दिए गए।
जनता कभी माफ नहीं करेगी
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा, छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार को जनता कभी माफ नहीं करेगी। जल जीवन मिशन अन्य राज्यों में सफल रहा, लेकिन छत्तीसगढ़ में इसका केवल 23% काम हुआ।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर पिछले दिनों लगातार नक्सली हमले और हत्याएं हुईं, लेकिन कांग्रेस सरकार इस पर चुप है। उन्होंने ED के रेड वाले सवाल पर कहा कि छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के कारण एजेंसियां दबिश दे रही हैं। ये एजेंसियां पूरी तरह स्वतंत्र रूप से सबूतों पर काम करती है।
योजना को गरीब तक पहुंचने नहीं दिया
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार शराबबंदी की बात करती थी, आज वह खुलेआम शराब की होम डिलीवरी करा रही है। प्रधानमंत्री आवास के तहत गरीब परिवारों को घर मिलना चाहिए, लेकिन राज्य सरकार ने उस योजना को गरीब तक पहुंचने नहीं दिया। इन्होंने यहां के युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया, वह भी पूरा नहीं किया।
