रायपुर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता व पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस के नेता पहले अपने गिरेबान में झाँकें। सच यह है कि पूरी कांग्रेस पार्टी झूठ की बुनियाद पर खड़ी है। चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेसी झूठ और भ्रम फैलाने में माहिर हैं।
भाजपा मुख्य प्रवक्ता चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस हर बार झूठ बोल कर सत्ता में आती है और जनता के साथ धोखाधड़ी करती है। करप्शन और कमीशन का खुला खेल खेलती है। दूसरी ओर भाजपा जो कहती है वह पूरा करके दिखाती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब संसद या खुले मंच पर सवाल करते हैं तो कांग्रेसी निरुत्तर होकर जवाब नहीं दे पाते हैं।
किसानों को दो साल का बकाया बोनस देने वादा पूरा नहीं कर पाए भूपेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा धान और वनोपज खरीदी को लेकर झूठ बोलने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि पहले भूपेश सरकार बताए कि क्या केंद्र सरकार धान खरीदी के लिये पैसे नहीं देती? चंद्राकर ने कहा कि 2018 के चुनावी घोषणा-पत्र में कांग्रेस द्वारा छत्तीसगढ़ के किसानों को दो साल का बकाया बोनस देने की बात कही गई थी। आखिर दो साल का बोनस किसानों को क्यों नहीं दिया?
चंद्राकर ने सवाल उठाया कि 10 लाख बेरोजगारों को रोजगार और बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही थी, वह भी झूठ निकली। उन्होंने कहा, भूपेश सरकार बताए कि कितने बेरोजगारों को रोजगार दिया गया? चुनाव करीब आते आते बेरोजगारी भत्ता देने की शुरुआत की। वह भी जटिल शर्तों व मापदंडों के साथ जिसके कारण कई बेरोजगारों को इसका लाभ नहीं मिल पाया।
जनता कांग्रेस को अब भलीभाँति जान गई है : चंद्राकर
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ओबीसी, अजा, अजजा के साथ भेदभाव करने के आरोप को झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा कि वास्तविकता क्या है, यह जनता के सामने है। कांग्रेस नेताओं को भारत के इतिहास को अच्छी तरह पढ़ना चाहिए। इतिहास गवाह है कि हिन्दू–मुस्लिम करके वैमनस्यता फैलाने का काम कांग्रेस ही करती आई है। मुस्लिमों को वोट बैंक समझने वाली कांग्रेस की सच्चाई मुस्लिम समुदाय भी अब भलीभाँति जान चुका है।

