रायपुर:- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक्सपायरी डेट वाला मिल्क पाउडर पिलाने से एक नवजात बच्ची की मौत हो गई। परिजनों ने शहर के लक्ष्मी मेडिकल हॉल पर एक्सपायरी डेट का मिल्क पाउडर बेचने का गंभीर आरोप लगाया है। इस खबर के सामने आते ही पूरे शहर में हड़कंप मच गया है।
अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार, नवजात बच्ची की तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उसे लेकर डॉक्टर के पास पहुंचे। इसके बाद डॉक्टरों ने परिजनों को मिल्क पाउडर की एक्सपायरी डेट के बारे में जानकारी दी। डॉक्टर से जानकारी मिलने के बाद परिजन मिल्क पाउडर का डिब्बा लेकर लक्ष्मी मेडिकल हॉल पहुंचे और शिकायत की।
बच्ची के परिजनों ने मेडिकल संचालक पर लगाए गंभीर आरोप
परिजनों का आरोप है कि दुकान संचालकों ने एक्सपायरी मिल्क पाउडर का डिब्बा उनसे छीन लिया और बाद में दूसरा डिब्बा देकर जांच कराने की बात कही। परिजनों के मुताबिक, दूध पिलाने के बाद नवजात की तबीयत लगातार बिगड़ती गई और आज उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मेकाहारा अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
परिजनों ने दर्ज करवाई शिकायत
वहीं, मृत बच्ची के परिजनों ने मौदहापारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। दूसरी ओर सीएमएचओ ने भी पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

