दुर्ग:- दुर्ग में रंगों के त्यौहार होली पर मर्डर की वारदात से जामुल थाना क्षेत्र में सनसनी फैल गई. यहां के रावणभाठा में होलिका दहन की रात एक शख्स ने अपने भतीजे को मौत की नींद सुला दिया. 2 मार्च की रात करीब 11:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि हेमंत साहू नामक युवक की हत्या कर दी गई है. उसके बाद पुलिस ने जांच की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
शराब विवाद में मर्डर
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक हेमंत साहू और उसके चाचा आशीष साहू के बीच शराब सेवन को लेकर विवाद हुआ था. विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर आरोपी ने लोहे के पाइप से हेमंत साहू के सिर के पीछे कई वार कर दिए. गंभीर चोट लगने से हेमंत मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई.मृतक की मां ललिता साहू की रिपोर्ट पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 142/2026 धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई.

