धमतरी:- जिले में बाइक राइडिंग के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसे में मुंबई की 24 साल की युवती रिद्धि ठक्कर की मौत हो गई. हादसा जगतरा घाटी के पास बताया जा रहा है, जहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई थी. अस्पताल लाने पर डॉक्टर्स ने मृत घोषित किया.
23 युवतियां बाइक राइडिंग के लिए निकली थीं
जानकारी के मुताबिक अलग-अलग क्षेत्रों से करीब 23 युवतियां बाइक राइडिंग के लिए निकली थीं. बताया जा रहा है कि करीब 20 बाइक और एक कार के साथ यह समूह रायपुर से बस्तर क्षेत्र की ओर जा रहा था. इसी दौरान जगतरा घाटी के पास रिद्धि ठक्कर हादसे का शिकार हो गईं. अज्ञात वाहन की टक्कर से उन्हें गंभीर चोटें आईं.
पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन को सौंपा जाएगा शव
युवती के शव को जिला अस्पताल धमतरी लाया गया, जहां पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया की जा रही है. वहीं मृतका के परिजन भी मेयर के संपर्क में हैं.

