भिलाई:- भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र में दो सगी बहनों के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। एक पीड़िता की उम्र सात साल और दूसरी की नौ साल बताई गई है। मामले में पुलिस ने 17 वर्षीय किशोर को हिरासत में लेकर उसे सुधार गृह भेज दिया है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक आरोपित और पीड़ित पड़ोस में रहते हैं। पीड़ित परिवार ने इस मामले में आरोपित को फांसी की सजा देने के साथ ही उसके घर पर बुलडोजर चलाना चाहिए।
छोटी बच्ची के पेट और प्राइवेट पार्ट में दर्द होने पर चला पता
पुलिस के मुताबिक घटना दो जुलाई की है। घटना का खुलासा तब हुआ जब छोटी बच्ची के पेट और प्राइवेट पार्ट में दर्द होने लगा। छोटी बच्ची ने परिवार के सदस्यों को घटना के बारे में बताया। उसके बाद बड़ी बच्ची ने भी परिवार के सदस्यों को जानकारी दी कि आरोपित ने करीब पांच-छह माह पहले उसके साथ भी दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के सदस्यों ने पुलिस को मामले से अवगत कराया। मामले में पुलिस ने आरोपित अपचारी बालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पड़ोसी होने के कारण दोनों परिवारों का एक दूसरे के घर आना-जाना लगा रहता था। बच्चे भी एक दूसरे के घर खेलने आते जाते थे।
मामले को लेकर पीड़ित मासूम बच्चियों के चाचा ने कहा है कि इस तरह का कृत्य करने वाले को फांसी की सजा होनी चाहिए और उनके घर पर बुलडोजर भी चलाया जाना चाहिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर प्रकरण में दो अलग-अलग अपराध दर्ज किया गया है।

