रायपुर:- राजधानी रायपुर के बालाजी मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में एमबीबीएस छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। छात्र की लाश उसके दोस्त के कमरे में बेड पर मिली। कमरे की तलाशी में नशीली दवा, फेंटानिल और इंजेक्शन मिलने के बाद पुलिस हर एंगल से जांच में जुट गई है।
मृतक छात्र की पहचान 21 वर्षीय विनायक सैनी के रूप में हुई है, जो राजस्थान के अजमेर का रहने वाला था और बालाजी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह शुक्रवार को ही घर से लौटकर हॉस्टल पहुंचा था।विनायक चौथी मंजिल पर रहता था, लेकिन घटना के वक्त वह तीसरी मंजिल पर रहने वाले अपने दोस्त के कमरे में था। दोस्त खाना खाने बाहर गया था। जब वह वापस लौटा तो विनायक की लाश बेड पर पड़ी मिली। घबराए छात्रों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मामले की सूचना मिलते ही पंडरी पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की। तलाशी के दौरान नशीली दवा, एनेस्थीसिया में इस्तेमाल होने वाली फेंटानिल और कुछ इंजेक्शन मिलने की बात सामने आई है।पुलिस को आशंका है कि इन दवाओं का मामले से कोई संबंध हो सकता है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगी। पुलिस आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

