दुर्ग:- जामुल थाना क्षेत्र में एक गद्दा बनाने की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. आग की सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. फायर ब्रिगेड की 3 से 4 गाड़ियां आग बुझाने की कोशिश कर रही है.
आग बुझाने में जुटी फायर ब्रिगेड की टीम
जामुल थाना क्षेत्र के करुणा अस्पताल के पीछे स्थित जगदंबा गद्दा और फोम से बने फर्नीचर बनाने वाली फैक्ट्री में सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. देखते देखते आग ने भीषण रूप ले लिया. आग की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई. आग बुझाने के लिए जिला दमकल विभाग, बीएसपी के दमकल और जामुल से दमकल गाड़िया बुलाई गई है. कर्मचारी आग बुझाने में जुटे हुए हैं लेकिन कई घंटे बीतने के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका है. आग बुझाने के लिए फायर की टीम को कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा रहा है. आग बुझाने के लिए फैक्ट्री के पीछे की दीवार को तोड़कर भी आग पर काबू करने का प्रयाय किया जा रहा है.
भारी नुकसान की आशंका
इस घटना से फैक्ट्री के अंदर रखा माल, 2 से 3 फोर व्हीलर आग की चपेट में आ गई है. आग से फैक्ट्री संचालक को लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. हालांकि नुकसान का अभी आकलन नहीं हो सका है. आग लगने का कारण भी पता नहीं चल पाया है. आग बुझने के बाद पूरा मामला स्पष्ट होगा.

