सक्ती:- सक्ती में तीन महीने की बच्ची की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, जांच में बच्ची की मौत में उसके नाबालिग माता-पिता की कथित संलिप्तता सामने आई है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
मामला 29 सितंबर की रात का है। परिवार के लोग खाना खाने के बाद सो गए थे। रात करीब 2 बजे बच्ची के पिता ने परिजनों को बताया कि बच्ची बिस्तर से गायब है। इसके बाद घर और आसपास उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।अगली सुबह करीब 7:30 बजे बच्ची की दादी पानी लेने आंगन में पहुंचीं। इसी दौरान पानी के ड्रम में बच्ची मृत अवस्था में मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस को बच्ची के माता-पिता की भूमिका संदिग्ध लगी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि बच्ची जन्म के बाद से बार-बार बीमार रहती थी। पुलिस अब घटना के पीछे की परिस्थितियों और कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

