बिलासपुर :- सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए नेशनल हाईवे पर जन्मदिन मनाना और आतिशबाजी करना युवाओं को भारी पड़ गया। कोनी थाना पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो चालक और एक युवती को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं रील बनाने में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक रतनपुर-रायपुर सर्विस रोड पर चलती स्कॉर्पियो की छत पर खड़े होकर जन्मदिन मनाने, केक काटने और आतिशबाजी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में युवाओं द्वारा खुलेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। इस दौरान सड़क पर अन्य वाहन भी गुजर रहे थे, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
वीडियो सामने आने के बाद कोनी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर वाहन क्रमांक CG 10 BP 3926 की पहचान की और संबंधित लोगों तक पहुंची। जांच के बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया और चालक सहित एक महिला के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों में इस तरह के दो अलग-अलग वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक तरीके से रील बनाई जा रही थी। दोनों मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों पर कार्रवाई की है।

