अभनपुर :- राजिम से नवापारा की ओर आ रहे बाइक सवार दो लोगों को महानदी पुल पर एक पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक सवार दोनों लोग पुल से नीचे जा गिरे। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, देवेंद्र शर्मा (55) अपने साथी सुनील जैन के साथ बाइक से राजिम से नवापारा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान महानदी पुल पर सामने से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद देवेंद्र शर्मा पुल से नीचे जा गिरे और हादसे में उनकी मौत हो गई। वहीं उनके साथी सुनील जैन के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
दोनों के राजिम निवासी होने की बात बताई जा रही है। वहीं दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन धमतरी-साकरा क्षेत्र का बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिकअप चालक के नशे में होने की बात भी सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

