बिलासपुर:- बिलासपुर रेल मंडल के करगी रोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। यहां एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी के इंजन के आगे निकल जाने के बाद पीछे के तीन डिब्बे डिरेल हो गए। शुरुआती स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि किसी जेसीबी मशीन का बकेट मालगाड़ी में फंस गया था, जिसकी वजह से यह घटना हुई। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई। डिरेल हुए डिब्बों को हटाने और ट्रैक को जल्द बहाल करने का काम शुरू कर दिया गया है।रेलवे अधिकारियों ने बताया कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल ट्रैक का निरीक्षण किया जा रहा है और रेल परिचालन को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।

