दुर्ग:- स्टील सिटी दुर्ग भिलाई के समोदा में अफीम की खेती कांड में दुर्ग जिला प्रशासन ने कृषि विभाग के अधिकारी पर कार्रवाई की है. इस केस में कलेक्टर अभिजीत सिहं ने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एकता साहू को सस्पेंड कर दिया है. इस कार्रवाई से पहले ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एकता साहू, फसल सर्वेयर शशिकांत साहू और ग्राम समोदा की पटवारी अनिता साहू को नोटिस जारी किया गया था. 7 दिनों के भीतर उन्हें जवाब देना था. इसके बाद कलेक्टर अभिजीत सिंह ने यह कार्रवाई की है.
एकता साहू पर लापरवाही के आरोप
कलेक्टर की जांच में सामने आया कि ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी स्तर पर गड़बड़ी हुई है. दस्तावेजों की जांच में पता चला कि विनायक ताम्रकार के भाई विमल ताम्रकार के जिस खेत को ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी ने मक्का फसल का प्रदर्शन प्लॉट बताया था. उस खेत में मक्के की जगह धान की खेती की जा रही है. भाजपा नेता विनायक ताम्रकार और अधिकारियों के साठगांठ कर मक्के की खेती के आड़ में अफीम की फसल उगाई गई थी और शासन को गुमराह करते हुए जानबूझकर खेत का स्थान बदला गया.
जांच में कई अहम खुलासे हुए
इस केस में यह भी खुलासा हुआ है कि प्रदर्शन प्लॉट के नाम पर राज्य शासन से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि भी जारी कर दी गई. नियम के अनुसार प्रदर्शन प्लॉट की फोटो उसी किसान के साथ ली जानी चाहिए जिसे सरकारी लाभ मिलना है, लेकिन रिपोर्ट में धान की जगह मक्का के खेत के पास एक अन्य किसान को खड़ा कर फोटो खींचकर अपलोड कर दी गई. जांच में यह भी सामने आया कि जिस खेत की मक्के की फोटो लगाई गई उसके ठीक पीछे अफीम की खेती की जा रही थी.
खसरा नंबर के खेतों में अफीम की खेती का खुलासा
इधर फसलों के सर्वे के लिए नियुक्त फसल सर्वेयर शशिकांत साहू ने सितंबर 2025 को खेत का डिजिटल सर्वे किया था. इसके बाद उसने फोटो गिरदावरी सॉफ्टवेयर में जानकारी अपलोड की. इसमें उसने खसरा नंबर 309 को पड़त भूमि और खसरा नंबर 310 में धान की फसल होने की जानकारी दर्ज की. जबकि जांच में पाया गया कि इन्हीं दोनों खसरा नंबरों पर अफीम की खेती की जा रही थी.

