दुर्ग:- स्टील सिटी दुर्ग भिलाई के औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया. यहां फैक्ट्री में काम करने वाले एक वेल्डर की करीब 30 से 35 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण मौके पर ही मौत हो गई. इस दुर्घटना में मजदूर की मौत के बाद परिवार में मातम है. पुलिस ने सूचना के आधार पर केस दर्ज कर लिया है.
दुर्ग पुलिस ने दी जानकारी
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि मृतक की पहचान घासीदास नगर, भिलाई निवासी शिवकुमार सोनी के रूप में हुई है. वह पेशे से वेल्डर था और महज एक सप्ताह पहले ही इस कंपनी में काम पर लगा था. सोमवार की शाम वह फैक्ट्री में लगभग 35 फीट की ऊंचाई पर चढ़कर वेल्डिंग का कार्य कर रहा था. इसी दौरान, जिस शीट पर वह खड़ा था, वह अचानक टूट गई. शीट टूटने से शिवकुमार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे कंक्रीट फर्श पर आ गिरा. सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
सुरक्षा के लिहाज से पुलिस की जांच जारी
दुर्ग सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से पुलिस इस केस की जांच कर रही है. पुलिस इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं. वेल्डर को सेफ्टी बेल्ट जैसी जरूरी चीजें मुहैया कराई गई थीं या नहीं.

