कवर्धा :- जिले में गुरुवार को उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब कुकदुर से पंडरिया की ओर आ रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर नाले में जा घुसी। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना में करीब 7 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस में करीब 40 से 50 महिलाएं और बच्चे सवार थे। बस के नाले में घुसने के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि समय रहते स्थिति संभलने से बड़ी जनहानि टल गई।
7 घायलों को अस्पताल भेजा गया
हादसे में घायल हुए करीब 7 लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
मौके पर पहुंची पंडरिया पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पंडरिया पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है।

