दुर्ग:- भिलाई स्टील प्लांट के यूनिवर्सल रेल मिल विभाग में ड्यूटी के दौरान करंट लगने से एक जूनियर इंजीनियर की मौत हो गई. हादसे के बाद अस्पताल के बाहर कर्मचारियों और यूनियन पदाधिकारियों ने प्रदर्शन कर प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए. हरियाणा निवासी जूनियर इंजीनियर विनोद कुमार दूसरी पाली में यूआरएम विभाग में क्रेन पर चढ़कर काम कर रहा था. इसी दौरान वे अचानक करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए.
बीएसपी में सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल
साथी कर्मचारियों ने उन्हें तत्काल सेक्टर-9 स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में बीएसपी कर्मचारी और यूनियन पदाधिकारी अस्पताल पहुंच गए. यूनियन नेताओं ने प्लांट में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बीएसपी में लगातार हादसे हो रहे हैं. रेगुलर कर्मचारियों के साथ ही ठेका कर्मचारियों की भी छंटनी हो रही है. मैनपावर की कमी के कारण कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ रहा है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ रहा है.

