बलौदाबाजार :- छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में गुरुवार सुबह दिनदहाड़े ज्वेलरी कारोबारी से लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने तरेंगा-रोहरा हाई स्कूल के पास एक सराफा कारोबारी को निशाना बनाते हुए सोना-चांदी से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।हालांकि, लूटे गए सोना-चांदी की कुल कीमत का अभी खुलासा नहीं हुआ है।
पुलिस व्यापारी से पूछताछ कर नुकसान का आकलन कर रही है।घटना भाटापारा-लिमतरा मुख्य मार्ग पर होने से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही ग्रामीण थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम मौके पर पहुंच गई। आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

