दुर्ग:- विद्युत यांत्रिकी सिंचाई विभाग में पदस्थ बाबू को 10 हजार की रिश्वत लेते एसीबी ने गिरफ्तार किया. आरोपी बाबू विभाग में सहायक ग्रेड टू के पद पर कार्यकर है. आरोपी है कि शिव कुमार ठाकुर ने कर्मचारी के जीपीएफ की राशि जारी करने के एवज में घूस की मांग की. इसकी शिकायत पीड़ित ने एंटी करप्शन ब्यूरो से की. जिसके बाद आरोपी बाबू को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगेहाथों पकड़ लिया गया.
रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार
दरअसल, पीड़ित कर्मचारी नंद कुमार सिंचाई विभाग में पदस्थ हैं. नंद कुमार की बेटी की शादी तय हो गई है. बेटी की शादी के लिए उनको पांच लाख की जरुरत थी. रकम के लिए उन्होने विभाग को आवेदन दिया था. आवेदन में नंद कुमार ने कहा था कि उनको पांच लाख की रकम की जरुरत है जिसे वो अपनी सामान्य भविष्य निधि यानी जीपीएफ से निकालना चाहते हैं.
विद्युत यांत्रिकी सिंचाई विभाग में पदस्थ है आरोपी
आरोप है कि आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर राशि जारी करने के बदले सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर ने 10 हजार की रिश्वत की मांग की. पीड़ित नंद कुमार ने बताया कि उनकी बेटी की शादी तय हो चुकी है और उन्हें तत्काल पैसों की आवश्यकता थी, लेकिन रिश्वत की मांग के कारण वे लंबे समय से परेशान थे. पीड़ित ने आरोपी कर्मचारी से कहा कि उनके पास रिश्वत देने के लिए भी पैसे नहीं हैं. लेकिन आरोपी शिवकुमार ठाकुर बिना पैसे लिए जीपीएफ का पैसा जारी करने को राजी नहीं हुआ.

