अंबिकापुर:- शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र के सुभाषनगर में लिव-इन रिलेशन में रह रहे एक युवक की गला कटने से मौत हो गई। उसके साथ रह रही युवती ने भी चाकू से अपना गला काट लिया। उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दाखिल कराया गया है। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। रक्षाबंधन पर युवती के घर जाने को लेकर उपजे विवाद के बीच युवक द्वारा चाकू से गला काट लेने का दावा किया जा रहा है। पुलिस व फोरेंसिक की टीम घटनास्थल पर जांच में जुटी है।
पिछले दस साल से लिव-इन में थे दोनों
सुभाषनगर में दयाल मंडल के घर में मोहन पैकरा (28) और महिमा सिदार (26) पिछले दो महीने से किराए पर रह रहे थे। दोनों पिछले 10 साल से लिव-इन रिलेशन में थे। मोहन पैकरा मूलतः दरिमा थाना क्षेत्र का निवासी था, जबकि महिमा सिदार सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कंदरई की रहने वाली है। बुधवार सुबह करीब 6.30 बजे की घटना है। युवती के अनुसार वह सुबह बाथरूम गई थी। लौटने पर उसने मोहन को खून से लथपथ तड़पते देखा, उसका गला कटा हुआ था।
युवती का दावा- मोहन ने खुद चाकू से अपना गला काटा
यह देखकर उसने शोर मचाया और खुद भी चाकू से अपना गला काट लिया। सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। तब तक मोहन की मौत हो चुकी थी। महिमा के गले से खून बह रहा था। पुलिस ने तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। घायल युवती महिमा ने दावा किया कि मोहन ने खुद चाकू से अपना गला काट लिया था। दोनों के बीच रक्षाबंधन पर घर जाने को लेकर विवाद हुआ था। महिमा अपने घर जाना चाहती थी और मोहन को साथ चलने के लिए कह रही थी, जबकि मोहन उसके घर जाने को तैयार नहीं था।
इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। थाना प्रभारी दिलीप दुबे ने बताया कि घटना की सूचना स्वजन को दे दी गई है। मौके पर फोरेंसिक टीम पहुंची है। पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। युवती के बयान और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

