कोरबा :- कोरबा के वार्ड नंबर 20 नीलगीरी मोहल्ले में दर्दनाक हादसा हो गया.यहां ढाई साल का बच्चा ट्रैक्टर के नीचे आ गया.जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में गम का माहौल है.
कैसे हुआ हादसा
नीलगिरी मोहल्ले में पीएम आवास के तहत निर्माण कार्य चल रहा है. इसी सिलसिले में ईंट लेकर एक ट्रैक्टर आया था. इस दौरान ट्रैक्टर का ड्राइवर मजदूरों के साथ मिलकर ईंट अनलोड करा रहा था. तभी पास में रहने वाले दो भाई मौके पर पहुंचे. इस दौरान बड़ा भाई ट्रैक्टर के ऊपर चढ़ गया.वहीं छोटा भाई ट्रैक्टर के सामने खेल रहा था. बड़े भाई ने ट्रैक्टर का सेल्फ स्टार्ट घुमा दिया.जिसके बाद वाहन आगे की ओर बढ़ा और छोटे भाई को अपनी चपेट में ले लिया.इस हादसे में मौके पर ही छोटे भाई की मौत हो गई. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और वैधानिक कार्रवाई शुरू की.
ट्रैक्टर के नीचे दबा छोटा भाई,ड्राइवर फरार
इस घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया. दोनों ही बच्चों के पिता मोहम्मद अंसार स्थानीय निवासी हैं. जो काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे. बच्चे अकेले ही खेल रहे थे. इस दौरान आसपास कोई भी बड़ा उनके साथ मौजूद नहीं था. जिसके कारण यह घटना घटी है.
अकेले बच्चों को छोड़ना बड़ी लापरवाही
स्थानीय पार्षद चंद्रलोक ने बताया कि मोहल्ले में एक गंभीर घटना घटी है. बच्चे यहां हमेशा खेलते हैं, ट्रैक्टर लेकर पहुंचे ट्रैक्टर चालक ईंट खाली करने के काम में लग गए थे, इसी दौरान बच्चों ने ट्रैक्टर स्टार्ट कर दिया.
